नरेंद्रनगर वन प्रभाग मुनिकीरेती अंतर्गत शिवालिक जैव विविधता पार्क योजना तीन वर्षों से शासन स्तर पर अटकी हुई है। वन प्रभाग की ओर से योजना के तहत पर्यटक, यात्री और स्थानीय लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजना तैयार की थी। इसके लिए शासन को करीब 65 करोड़ की डीपीआर भेजा गया था। तीन वर्ष बीतने के बाद भी शासन स्तर से अभी तक इसे हरी झंडी नहीं मिली है।
नरेंद्रनगर वन प्रभाग मुनिकीरेती की ओर से भद्रकाली स्थित सुशीला तिवारी हर्बल गार्डन के पास करीब 60 हेक्टेयर भूमि पर शिवालिक जैव विविधता पार्क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। अक्तूबर 2020 में वन प्रभाग ने 65 करोड़ का डीपीआर बनाकर शासन को भेजी थी।
योजना के तहत वन विभाग की ओर से यहां पर तीर्थयात्री और पर्यटकों को एक ही स्थान पर चारधाम का प्रसाद, पहाड़ी उत्पादों का बाजार, बच्चों के मनोरंजन का साधन, स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण आदि उपलब्ध कराया जाना था। योजना के तहत जो लोग चारधाम यात्रा जाने में असमर्थ हैं, उन्हें इस जगह पर चारधाम का प्रसाद, दर्शन आदि की सुविधा उपलब्ध होनी थी। शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलते ही योजना का काम शुरू होना था। लेकिन करीब तीन वर्ष का समय बीत गया है। अभी तक शिवालिक जैव विविधता पार्क योजना की फाइल शासन स्तर पर अटकी हुई है।
Iवन प्रभाग की ओर से शिवालिक जैव विधिता पार्क योजना का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित पड़ा हुआ है। विभाग को योजना के लिए शासन की ओर से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। -विवेक जोशी, रेंज अधिकारी, नरेंद्रनगर वन प्रभागI