चारधाम यात्रा में रोटेशन को लेकर जीएमओयू के कांप्लेक्स में बैठक हुई। इसमें सात कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यातायात एवं पर्यटन विकास सहकारी संघ और दून वैली के प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुए। बैठक में किराये को लेकर भी सहमति बनी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए गढ़वाल मोटर्स ओनर्स यूनियन लिमिटेड (जीएमओयू) के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने कहा कि चारधाम यात्रा में रोटेशन बनाने से ही सभी को काम मिलेगा। रोटेशन बनने से एक व्यवस्था बनी रहेेगी। उन्होंने बताया कि चारधाम में रोटेशन के अधीन चलने बसें यात्रियों से तय किराया लेंगी। जो कंपनियां रोटेशन से बाहर बसें संचालित करेंगी, वे यात्रियों से अनाप शनाप किराया ले सकती हैं। बैठक में किराये को लेकर भी सहमति बनी। बैठक में यह तय हुआ कि 2018 में चारधाम यात्रा का जो किराया था, उसमें 30 प्रतिशत वृद्धि की गई है। जो कंपनियां रोटेशन में शामिल हुई हैं, उनमें जीएमओयू, टीजीएमओयू, रूपकुंड पर्यटन विकास समिति, सीमांत सहकारी संघ, गढ़वाल मंडल बहुउद्देशीय सहकारी संघ, जीएमसीसी और यूजर्स रामनगर हैं। बैठक में रोटेशन का अध्यक्ष संजय शास्त्री और प्रभारी नवीन तिवाड़ी को बनाया गया।
इस अवसर पर भोपाल सिंह नेगी, जितेंद्र सिंह नेगी, बलवीर सिंह रौतेला, देवेंद्र सिंह रावत, हर्ष सिंह रावत, सुभाष ध्यानी, धीरेंद्र गुसाईं, एचवी रावत, बलवान सिंह, अनिल बरगली, प्रदीप सिंह, चरण सिंह, संजय शास्त्री, योगेश उनियाल, अजय बधानी आदि उपस्थित थे।