देहरादून ग्रामीण डिपो की एक तेज रफ्तार अनुबंधित बस का कहर देखने को मिला है। इंद्रमणि बडोनी चौक से आगे वन विभाग फायर क्रू चौकी के पास अनियंत्रित बस ने न केवल एक बाइक सवार को टक्कर मारी, बल्कि सड़क पार कर रहे भेड़ों के झुंड को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 7 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना में बाइक सवार को गुम चोट आई है।
सोमवार को सुबह करीब 9:45 बजे रोडवेज की अनुबंधित बस तेज गति से देहरादून से ऋषिकेश आ रही थी। 100 फुटी रोड वन विभाग के क्रू स्टेशन के पास बस ने रोड पार कर रही भेड़ों के झुंड को चपेट में ले लिया, जिसमें सात भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हैं।
बस ने श्रम विभाग के कर्मचारी राजपाल सिंह नेगी को भी टक्कर मार दी। टक्कर से उनकी बाइक सड़क पर जा गिरी। घटना में उनकी कमर में गुम चोट आई हैं। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई हैं। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर श्रम विभाग कार्यालय से कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उसके बाद बस को कोतवाली परिसर में पार्क करा दिया। चालक को भी कोतवाली में बिठा दिया गया। दुर्घटना में घायल राजपाल का राजकीय उप चिकित्सालय में मेडिकल कराया गया।
घायल राजपाल नेगी ने बताया कि बस चालक नशे में था। नशे की हालत में ही में उसने टक्कर मारी और भेड़ों के ऊपर बस चढ़ाई। घटना के बाद बस स्वामी के प्रतिनिधियों की ओर से मोटरसाइकिल की मरम्मत का आश्वासन दिया गया। भेड़पालक भी घटना में मारी गई भेड़ों के मुआवजे के लिए कोतवाली में बैठा रहा।
-
चालक का नहीं कराया मेडिकल, छोड़ा
किसी भी दुर्घटना के बाद पुलिस की ओर से संबंधित वाहन चालक का मेडिकल कराया जाता है, लेकिन इस घटना में पुलिस ने बस चालक का मेडिकल नहीं कराया। जबकि दुर्घटना में घायल राजपाल नेगी बस चालक के नशे में होने की जानकारी पुलिस को दे रहा था।
-
अनुबंधित बस चालकों की नहीं होती जांच
रोडवेज की अनुबंधित बस चालकों की रोडवेज कार्यालय की ओर से जांच नहीं की जाती। रूट पर जांच के दौरान विभागीय टीम की ओर से परिचालक की टिकट मशीन की जांच करने के साथ यात्रियों की तो गिनती की जाती है, लेकिन बस चालक की जांच नहीं की जाती। कई बार ऐसी घटनाएं भी सामने आई हैं कि ड्यूटी स्लिप में किसी अन्य चालक का नाम था, जबकि बस कोई और चला रहा था।
-
कोट
देहरादून रोड पर 100 फुटी के पास देहरादून डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। कुछ भेड़े भी कुचल दी थी। घटना के बाद मौके पर वरिष्ठ केंद्र प्रभारी को भेजा गया था। देहरादून ग्रामीण डिपो के अधिकारियों को सूचित किया गया था। - अंजलिका शर्मा, प्रभारी एजीएम ऋषिकेश रोडवेज डिपो
-
- दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। चालक का मेडिकल नहीं कराया गया है। - बीएस रावत, एसएसआई, कोतवाली ऋषिकेश