- दिनभर में करीब 300 से अधिक यात्री बैठ रहे रोडवेज बसों में
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के दौरान नेपालीफार्म में बंद हुआ रोडवेज का काउंटर दोबारा खुल गया है। इस कांउटर से प्रतिदिन 300 से अधिक सवारी रोडवेज की बसों में बैठ रहे हैं। इस काउंटर का यात्रियों को लाभ मिलने लगा है।
नेपालीफार्म में रोडवेज की ओर से दो साल पहले काउंटर खोला गया था। इस कांउटर पर दो-दो कर्मचारियों की दो-दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाती है। इस साल चारधाम यात्रा शुरू होने से स्थानीय डिपो प्रशासन की ओर से वहां तैनात कर्मचारियों को वापस बुला दिया गया था। उसके बाद से वहां पर काउंटर बंद हो गया था। रोडवेज कर्मचारी उस काउंटर से दिनभर में रोडवेज की बसों में करीब 300 यात्रियों को अलग-अलग डिपो की बसाें में बिठाते थे। काउंटर बंद होने से रोडवेज की बसों से जाने वाले यात्री निजी बसों से सफर कर रहे थे। इससे रोडवेज को राजस्व का नुकसान हो रहा था। अब डिपो की प्रशासन की ओर से नेपालीफार्म में काउंटर स्थापित किया गया है। वहां पर दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
कोट-
नेपालीफार्म में कांउटर को दोबारा खोल दिया गया है। वहां पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। काउंटर का यात्रियों को भी लाभ मिल रहा है। - अंजलिका शर्मा, एजीएम, ऋषिकेश डिपो