- ऋषिकेश से देहरादून और हरिद्वार जाने वाली बसें भर-भरकर हुईं रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। दिवाली का त्योहार मनाने के लिए घर जाने वाले यात्रियों की शुक्रवार को रोडवेज बस अड्डे पर भीड़ लगी रही। ऋषिकेश से देहरादून, हरिद्वार और पर्वतीय क्षेत्रों में बसें भर-भरकर रवाना हुईं। नेपाल जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर रोडवेज की ओर से रुपईडीहा तक दो अतिरिक्त बसें भेजी गईं।
दिवाली के त्योहार मनाने के लिए हर कोई घर-घर जा रहा है। इससे यात्रियों का सुबह से रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। ऋषिकेश से हरिद्वार और मुरादाबाद रूट की बसें भरकर भेजी गईं। वहीं शिमला, पांवटा साहिब और पर्वतीय क्षेत्रों में काम कर रहे नेपाली मजदूर भी आईएसबीटी पहुंचे। इससे बस अड्डे पर नेपाल जाने वाले यात्रियों की भीड़ लग गई। यात्रियों की भीड़ बढ़ते देख रोडवेज प्रशासन की ओर से रुपईडीहा रूट पर एक अतिरिक्त बस भेजी गई। इस रूट पर एक बस दोपहर डेढ़ बजे चलती है। वहीं दिल्ली से पर्वतीय रूटों पर भी बसें भरकर गईं। दिल्ली रूट पर अन्य दिनों के मुकाबले सीएनजी बसें पैक होकर गईं। ऋषिकेश रोडवेज डिपो की एजीएम अंजलिका शर्मा ने बताया कि दिवाली के त्योहार मनाने के लिए हर कोई अपना घर जा रहा है। इससे बसों में यात्रियों की संख्या भी बढ़ गई है।