ऋषिकेश डिपो ने मुख्यालय से मांगी चार नई बसें,
ऋषिकेश। रोडवेज मुख्यालय की ओर से खरीदी गई 19 नई बसों के आवंटन की प्रक्रिया के बीच ऋषिकेश डिपो ने चार बसों की मांग भेजी है। डिपो को दो बसें मिलने की उम्मीद है। बसें मिलने पर 10 साल से अधिक समय से बंद ऋषिकेश-बौराड़ी और बीपुरम (भागीरथीपुरम) रूट पर संचालन शुरू करने को प्राथमिकता दी जाएगी।
वर्तमान में ऋषिकेश डिपो के पास 65 बसें हैं। बसों की कमी के कारण कई पर्वतीय रूटों पर सेवा संचालित नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोग भी इन दोनों रूटों पर बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
डिपो की एजीएम अंजलिका शर्मा ने बताया कि चार बसों के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। उपलब्ध होने वाली बसों को प्राथमिकता के आधार पर बौराड़ी या बीपुरम रूट पर चलाया जाएगा। वहीं, मंडलीय महाप्रबंधक (संचालन) सुरेश चौहान ने बताया कि नई बसों का आवंटन डिपो की मांग और प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।