राप्ती गंगा एक्सप्रेस सहित हरिद्वार तक चलने वाली लंबी दूरी की रेल सेवाओं को तीर्थ नगरी तक संचालित करने की मांग को लेकर नेशनल हॉकर्स फेडरेशन ने शनिवार को रेलवे स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्र्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंपा।
फेडरेशन प्रदेश अध्यक्ष लल्लन राजभर के नेतृत्व में हॉकर्स शनिवार को रेलवे स्टेशन परिसर में एकत्रित हुए लोगों ने तीर्थनगरी में लंबी रेल सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर हुंकार भरी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रेलवे तीर्थ नगरी की उपेक्षा कर रहा है।
तीर्थ नगरी और आसपास के क्षेत्र में बसे पूर्वांचलवासी लंबे समय से गोरखपुर से सप्ताह में दो दिन आने वाली राप्ती गंगा एक्सप्रेस को मऊ से ऋषिकेश तक संचालित करने की मांग उठा रहे हैं, लेकिन सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो रही।
धरना-प्रदर्शन को पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री संदीप गुप्ता ने समर्थन देते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी समस्या के निस्तारण के लिए व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर गिरीश राजभर, शैलेंद्र गुप्ता, रामजी मौर्य, सुनील गुप्ता, अखिलेश पांडेय, चुन्नू लाल गुप्ता, पारसनाथ राजभर, दिनेश गुप्ता, वीरेश कुमार आदि मौजूद थे।