ऋषिकेश। उत्तराखंड शासन ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के नए कुलपति के रूप में प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति विश्वविद्यालय अधिनियम के प्रावधानों के तहत गठित चयन समिति की संस्तुति के आधार पर की गई है।
श्री देव सुमन विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी का कार्यकाल बीते 11 अप्रैल को समाप्त हो गया था। बुधवार को लोकभवन से श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति पद पर प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। लोकभवन से राज्यपाल ले. जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष या 68 वर्ष की आयु पूर्ण होने, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ हैं प्रो. अंबरीश महाजन
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के नव नियुक्त कुलपति प्रो. अंबरीश कुमार महाजन आपदा प्रबंधन और भूगर्भ विज्ञान के क्षेत्र के जाने-माने विशेषज्ञ हैं। विशेष रूप से भूस्खलन (लैंडस्लाइड) पर उनकी विशेषज्ञता रही है। उनके नियुक्त होने से विश्वविद्यालय को शोध और अकादमिक गुणवत्ता के क्षेत्र में नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नवनियुक्त कुलपति प्रो. महाजन ने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी को दूर करना पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने और छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।