अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मरीजों को बेहतर उपचार के साथ अब दवा भी सस्ती मिलने लगी है। यह संभव हुआ है एम्स में अमृत फार्मेसी के खोले गए नए स्टोर से। जहां, बाजार में ब्रांडेड के दाम पर बिकने वाली दवा 10 से 90 प्रतिशत डिस्काउंट पर मिल रही है।
नई व्यवस्था मरीज और उनके तीमारदारों के लिए वरदान साबित हो रही है। पशुलोक बैराज मार्ग के पास एम्स में प्रधानमंत्री अमृत योजना के तहत मरीजों को सस्ती दवा उपलब्ध कराने के लिए अमृत फार्मेसी का नया स्टोर संचालित हो रहा है। इसका सबसे अधिक लाभ उन मरीजों को मिल रहा है, जो धनाभाव के चलते बाजार से महंगी दवा नहीं खरीद पाते थे।
अमृत फार्मेसी के आपरेशन मैनेजर पवन बगियाल ने बताया कि स्टोर में जेनेरिक के साथ ब्रांडेड दवा भी उपलब्ध हैं, जो बाजार से न्यूनतम दाम में मरीजों को बेची जा रही है। स्टोर में कैंसर, उच्च रक्तचाप, शुगर जैसे गंभीर रोग के अलावा सामान्य बुखार की दवा बाजार से कई गुना सस्ती है।
बताया कि एम्स में अमृत फार्मेसी का स्टोर बीती 31 मई को खोला गया था, जिसे अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। स्टोर 24 घंटे खुला रहता है, जिससे रात में जरूरत पड़ने पर लोगों को दवा के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
बाजार और अमृत फार्मेसी दवा के दामों में अंतर
बीमारी दवा बाजार मूल्य स्टोर मूल्य
उच्च रक्तचाप मेटक्पोल 46.43 25.50
त्वचा टेरबिफोन क्रीम 295.00 190.00
कैंसर ईमेटरेक्सड 22,847 5,333
सामान्य बुखार पैरासिटामोल 10.00 03.00
-------------
सर्जिकल आइटम में 73 प्रतिशत की छूट
अमृत फार्मेसी स्टोर के मैनेजमेंट ट्रेनीज जोशी जॉन फिलिंग ने बताया कि दवा के साथ सर्जिकल आइटम भी बाजार के दाम से 73 प्रतिशत की छूट पर उपलब्ध है। बताया कि एम्स से बाहर के अस्पताल के पर्चे से भी यहां मरीज कम दाम में दवा खरीद सकता है।
-------------------
क्या कहते हैं लोग
विद्याचरण तिवारी बताते हैं कि एम्स में उनके रिश्तेदार का बीते काफी समय से इलाज चल रहा है। पहले प्राइवेट मेडिकल स्टोर से महंगी दवा खरीदनी पड़ती थी, अब अमृत फार्मेसी स्टोर खुलने से दवा खर्च में काफी कमी आई है।
-----
मंजू शर्मा के मुताबिक उनके पति कैंसर पीड़ित हैं। एम्स में कीमोथैरेेपी चल रही है। पहले चिकित्सक द्वारा लिखी दवा बाजार से महंगी पड़ती थी। अमृत फार्मेसी से वही दवा बहुत कम मूल्य में मिल रही है।