हर्रावाला-नकरौंदा क्षेत्र में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सीलिंग के विरोध में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। हर्रावाला, बालावाला और नकरौंदा के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने पूर्व ग्राम प्रधान राहुल पवार के नेतृत्व में जुलूस निकालकर एमडीडीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। क्षेत्रवासियों के विरोध को देखते हुए एमडीडीए की टीम बिना कार्रवाई किए ही बैरंग लौट गई।
एमडीडीए की ओर से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को क्षेत्र की दुकानों और कॉम्प्लेक्सों को सील किया जाना था। इसके विरोध में पूर्व ग्राम प्रधान राहुल पवार ने एक दिन पहले ही प्रभावित दुकानदारों और क्षेत्रवासियों से नकरौंदा चौक पर जुटने की अपील की थी।
इसके बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और सीलिंग की कार्रवाई का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सीलिंग की कार्रवाई से कई परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई की गई तो क्षेत्रवासी एकजुट होकर विरोध करेंगे। कार्यक्रम का संयोजन पूर्व ग्राम प्रधान राहुल पवार और जोगीवाला पार्षद रवि गोसाईं ने किया। प्रदर्शन में करिश्मा रावत, सरला पवार, लक्ष्मी, प्रभा रावत, पूनम नेगी, आशा देवी, सुनील नौटियाल, प्रेम सिंह, निशांत शर्मा, अरुण लखेड़ा, नागेंद्र सिंह, मोहित नैनवाल, अजय नैनवाल, महेंद्र सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे।