विकासखंड यमकेश्वर के डौराणा गांव में बीते चार दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। जिससे गांव के 20 परिवार अंधेरे में हैं। ग्रामीण मोबाइल चार्ज करने के लिए तीन किमी दूर जा रहे हैं। वहीं लाइट न होने से बोर्ड परीक्षार्थी भी परेशान हैं।
डौराणा गांव में बीते मंगलवार से लाइट नहीं है। गांव में करीब छह बोर्ड परीक्षार्थी भी हैं। लाइट न होने से इन परीक्षार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले दिन जब अधिकारियों को सूचना देने के लिए फोन किया गया तो विभाग के किसी भी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया।
ग्रामीण फोन चार्ज करने के लिए तीन किमी दूर दिउली बाजार जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी गांव में बिजली, पानी आदि की कोई समस्या होती है तो अधिकारी न तो फोन उठाते हैं और न ही उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हैं। इसी का परिणाम है कि गांव के करीब 20 परिवार पिछले चार दिनों से अंधेरे में हैं और विभाग को पता ही नहीं है।
ग्रामीण राजे लाल, महेंद्र, सुनील, रामपाल, चंद्र मोहन, धर्मपाल व बृज लाल ने बताया कि लाइनमैन को बीते बुधवार से लगातार फोन कर रहे हैं लेकिन वह भी फोन नहीं उठा रहे हैं।
-
गांव में चार दिनों से लाइट न होने की जानकारी नहीं है। जानकारी जुटाई जाएगी। यदि ऐसा है तो जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। - नंदिता अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम कोटद्वार