दूधली-डोईवाला मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर ट्रैक्टर पर सवार होकर विधानसभा का घेराव करने जा रहे ग्रामीणों को दूधली पुलिस चौकी के पास बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच गरमागरम बहस भी हुई। सप्ताह भर में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से वार्ता कराने का आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने रैली स्थगित कर दी।
शुक्रवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार दूधली-डोईवाला मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर ग्रामीण ट्रैक्टर पर सवार होकर विधानसभा का घेराव करने के लिए गन्ना सेंटर दूधली के पास एकत्रित हुए। कांग्रेस नेता गौरव चौधरी और जिला पंचायत सदस्य टीना सिंह के नेतृत्व में ट्रैक्टरों के काफिले ने वाया मोथरोवाला मार्ग से विधानसभा पहुंचने के लिए कूच किया।
परंतु पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया। दूधली पुलिस चौकी के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया। अधिकारियों और ग्रामीणों में आगे जाने के लिए काफी जद्दोजहद हुई। तहसीलदार डोईवाला सोहन सिंह रांगड़ और पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल जोशी आदि के समझाने पर प्रदर्शनकारियों ने वार्ता की और सप्ताह भर की अवधि में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से सड़क चौड़ीकरण को लेकर वार्ता कराने के आश्वासन पर मान गए।
कांग्रेस नेता गौरव सिंह ने कहा कि सरकार ने मांग की अनदेखी की तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य टीना सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ताजेंद्र सिंह, भाकियू टिकैत ग्रुप जिलाध्यक्ष सुरेंद्र खालसा ने कहा कि चौड़ीकरण जल्द कराया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन तहसीलदार डोईवाला को सौंपा। इस मौके पर ग्राम प्रधान श्याम सिंह धामी, कांग्रेस नेता मोहित उनियाल, नेहा, बसंत थापा, दिलवर बिष्ट, संदीप थापा, नितिन, मीना जमियाल आदि मौजूद रहे।