ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे के समीप बछेलीखाल हाईवे पर लगा जाम
- फोटो : RISHIKESH
बीती रात्रि ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बछेलीखाल के समीप एक ट्रॉले के पहिए रोड से बाहर निकल गए। इससे लोड मशीन का खाई में गिरने का खतरा पैदा हो गया। ट्रॉले के रोड पर फंस की वजह से कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर वाहनों का संचालन शुरू हो पाया। मजबूरी में यात्रियों को खुले में रात काटनी पड़ी।
बीती रात्रि एक ट्रॉला मशीन लोड कर ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे से पीपलकोटी जा रहा था। रात्रि करीब तीन बजे के बछेलीखाल के समीप ट्रॉले के पहिए रोड से बाहर निकल गए और ट्रॉला रोड पर फंस गया। इससे दोनों ओर से आने वाले वाहनों के पहिए थम गए। कई किलोमीटर लंबे जाम की सूचना पर एनएच विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची और पॉकलैंड की सहायता से आवाजाही सुचारू करने के लिए रास्ता बनाने लगे। मगर सफलता हाथ न लगी। ट्रॉले को सीधा करने के लिए क्रेन बुलाई गई। जिसकी सहायता से ट्रॉले को सीधा कर हाईवे को चालू किया गया।
श्रीनगर एनएच विभाग के सहायक अभियंता मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि ट्रॉले के पहिए निकलने से मशीन के खाई में गिरने का खतरा था। ट्राले के दूसरी ओर से रास्ता खोलने की कोशिश की गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सुबह को हाईड्रा मशीन क्रेन बुलाई गई और ट्रॉले को सीधा किया जा सका। रूद्रप्रयाग जा रहे आशीष रणाकोटी ने बताया कि बीती रात को वह रूद्रप्रयाग जाने के लिए चले थे। लेकिन अगले दिन की दोपहर तक का समय बछेलीखाल में ही बीत गया।