ठेली संचालकों की जानकारी हासिल करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी
- फोटो : RISHIKESH
कांवड़ यात्रा के तहत तीर्थनगरी में मंगलवार को खाद्य विभाग ने सड़क किनारे बने ढाबा, फूड ठेली तथा डेयरी संस्थानों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कोयल घाटी स्थित डेयरी से दूध, दही और पनीर के सैंपल लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान भारी संख्या में शिवभक्त यहां पहुंचते हैं। स्थानीय दुकानदारों की ओर से इन्हें असुरक्षित खाद्य सामग्री न दी जाए, इस संबंध में मंगलवार को रेलवे स्टेशन के समीप तथा कोयल घाटी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान ठेली, भोजनालय, ढाबा तथा डेयरी संचालकों के यहां चेकिंग की गई। साथ ही इन्हें कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षित, साफ सुथरा तथा ताजा भोजन व खाद्य सामग्री परोसने को कहा गया। ऐसा न करने पर कार्रवाई करने की बात भी कही गई। इस दौरान कोयल घाटी क्षेत्र से पारस कंपनी के दूध, दही और पनीर के सैंपल लिए गए। इन्हें रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है।