ऋषिकेश। न्याय पंचायत श्यामपुर अंतर्गत ग्रामसभा खदरी खड़क माफ के लक्कड़ घाट रोड स्थित चोपड़ा फार्म, गुलजार फार्म कॉलोनी क्षेत्र में गुलदार और उसके शावकों की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रेंज अधिकारी महेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा है। जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम सभा खदरी खड़कमाफ के ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में बीते पांच जुलाई को एक गुलदार मादा अपने शावकों के साथ दिखी थी, जिसकी सूचना उन्होंने वन विभाग को दी थी, गुलदार के पंजों के निशान भी वन विभाग ने देखे थे। भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए क्षेत्र में पिंजरा और वन विभाग की गश्त होनी जरूरी है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना चौहान, विनोद चौहान, समाजसेवी नवीन नेगी, अनिल रावत, अनूप रावत, राजेंद्र चौहान, लक्ष्मण राणा, सुषमा भट्ट आदि आदि शामिल थे।