सिंगटाली में गंगा में डूबे दो लोगों की तलाश में जुटी एसडीआरएफ ने शिवपुरी क्षेत्र के समीप से गंगा में एक शव बरामद किया। अभी एक महिला लापता है। एसडीआरएफ गंगा में सर्च अभियान चला रही है।
बीते बृहस्पतिवार को मेरठ से आए छह लोग सिंगटाली बाजार में कार पार्क कर झूला पुल पार कर नीचे गंगा किनारे स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय ऋतु (30) पत्नी वांशिक माहेश्वरी निवासी मेरठ तथा नरेश उपाध्याय (42) निवासी जागेठी गांव, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ गंगा में बह गए थे।
एसडीआरएफ गंगा में डीप डाइवर की मदद से दोनों की तलाश में जुटी थी। शनिवार को एसडीआरएफ ने शिवपुरी क्षेत्र में गंगा से नरेश उपाध्याय का शव बरामद किया। वहीं, ऋतु माहेश्वरी की तलाश तीसरे दिन भी जारी है। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि टीम स्कूबा डाइवर्स, राफ्ट और अन्य आधुनिक उपकरणों की सहायता से गंगा के विभिन्न संभावित क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चला रही है। महिला की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।