Iश्री कुंजापुरी मेले में गायक उस्ताद चांद कादरी को आमंत्रित करने पर जताई आपत्तिI
सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या में गजल गायक उस्ताद चांद कादरी को आमंत्रित करने पर बजरंग दल ने गायक का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मेले अन्य समुदाय के गायक को बुलाना उत्तराखंड के लोकगायकों का अपमान है। कार्यकर्ताओं ने उक्त कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की है।
बुधवार को इंद्रमणि बडोनी चौक पर बजरंग दल के विभाग संयोजक नरेश उनियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद नरेंद्र नगर पहुंच एसडीएम नरेंद्र नगर देवेंद्र सिंह नेगी को ज्ञापन सौंपा।
विभाग संयोजक नरेश उनियाल ने बताया कि नगर पालिका नरेंद्र नगर के टाउन हॉल में सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन विकास एवं विकास मेला के तहत रंगारंग कार्यक्रमों का शासन स्तर पर आयोजन किया जा रहा है।
जिसमें 21 अक्टूबर को सूफी गायक उस्ताद चांद कादरी को बुलाया गया है। मां कुंजापुरी की धरती व देवभूमि में अन्य समुदाय के गायक को बुलाना उत्तराखंड के लोकगायकों का अपमान है। उन्होंने हिंदू आस्था को देखते हुए उक्त गजल गायक के आयोजन को निरस्त करने की मांग की है।
वहीं आयोजन निरस्त न करने पर इसका कड़ा विरोध करने की चेतावनी भी दी है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पांडे, जिला मंत्री विहिप संतोष राजपूत, मनीष सजवाण, श्याम बिहारी, पुरुषोत्तम कोठारी, वैभव पाल, सुरज बिजल्वाण, राजेंद्र वर्मा आदि मौजूद थे।