परिवहन निगम ने मासिक रियायती पास बनाने की ऑनलाइन सुविधा को बंद कर दिया है। अब आवेदक को डिपो पर जाकर ही यह पास बनाना होगा। हालांकि ऑफलाइन पास बनाए जाने के लिए अभी मुख्यालय से कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। जिससे यात्री मासिक रियायती पास नहीं बना पा रहे हैं।
स्थानीय रूटों पर प्रतिदिन रोडवेज से सफर करने वाले कॉलेज और इंस्टीट्यूट के छात्र, कर्मचारी या अन्य यात्री मासिक रियायती (एमएसी) पास बनवाते हैं। मासिक रियायती पास बनवाने के दौरान आवेदक 15 दिन का किराए का भुगतान करता है और इस पास पर वह निर्धारित रूट पर एक माह तक यात्रा करते हैं।
हर माह यह पास नवीनीकरण करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि ऑनलाइन प्रक्रिया से फर्जी पास बन रहे थे। जो विभाग की पकड़ में भी आए। इसके बाद परिवहन विभाग ने पास बनाए जाने की ऑनलाइन प्रक्रिया को बंद कर दिया है।
ये भी पढे़ं...Pahalgam Terror Attack: दून घाटी का कश्मीर से मोहभंग, पहले जाने की थी बेकरारी, अब बुकिंग कैंसिल कराने को बेचैन
अब यह पास ऑफलाइन बनाए जाएंगे। इसके लिए आवेदकों को डिपो कार्यालय जाना पड़ेगा। ऋषिकेश डिपो में अभी ऑफलाइन पास बनाए जाने की प्रक्रिया शुरु नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में अभी कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं।