ऋषिकेश। एआरटीओ कार्यालय में कार चलाने का लाइसेंस बनाने वालों को अब देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। ऋषिकेश बाईपास पर स्थित एआरटीओ कार्यालय में अस्थायी टेस्टिंग ट्रैक बनाया गया है। पहले यह टेस्टिंग सैम्युलेटर मशीन पर होती थी। अब अस्थायी ट्रैक बनने के बाद कार चलाने का लाइसेंस बनाने वालों को यहीं पर टेस्ट देना होगा।
ऋषिकेश और विकासनगर एआरटीओ कार्यालय में कार ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैैक न होने से शासन की ओर से देहरादून के झाझरा मेें स्थित ट्रैक में कार चालकों की टेस्टिंग के लिए आदेश दिए गए थे। इसका चारों ओर विरोध हुआ था। लोगों का कहना था कि एआरटीओ ऋषिकेश कार्यालय क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थिति है। ऐसे में यदि किसी व्यक्ति को कार का लाइसेंस बनाने के लिए टेस्ट देने के लिए झाझरा जाना पड़े तो उस पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ेगा। विरोध को देखते हुए शासन को अपना फैसला पलटना पड़ा था। उसके बाद ऋषिकेश और विकासनगर में एआरटीओ कार्यालय में अस्थायी टेस्टिंग ट्रैक बनाने के आदेश हुए थे। फिर एआरटीओ कार्यालय में ट्रैक बनाकर तैयार किया गया। सोमवार से एआरटीओ कार्यालय में कार का लाइसेंस बनाने के लिए आने वालों का इसी अस्थायी ट्रैक पर टेस्ट लिया जा रहा है। टेस्टिंग के लिए दो ट्रैक बनाए गए हैं। एक रिवर्स ट्रैक और दूसरा पैरलल (सामांतर) ट्रैक। इस टेस्ट में फेल होने वालों को दोबारा टेस्ट के लिए एक सप्ताह बाद बुलाया जा रहा है। बुधवार को चार युवकों ने टेस्ट दिया था, जिसमें दो युवक पास हुए।
कोट
लोगों की सुविधा के एआरटीओ कार्यालय में अस्थायी रिवर्स और पैरलल पार्किंग टेस्टिंग ट्रैक बनाया गया है। अब कार का लाइसेंस बनाने वालों के टेस्ट सेम्युलेटर मशीन पर लेने की बजाय यहीं पर लिए जा रहे हैं।
-अरविंद श्रीवास्तव, एआरटीओ (प्रशासन)