देहरादून में राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रेट खली के रेसलिंग मुकाबले पर स्वर्ण पदक विजेता पहलवान लाभांशु शर्मा ने सवाल उठाए हैं। कुश्ती पहलवान लाभांशु ने आरोप लगाया कि यह फाइट नहीं, पहले से फिक्स किया हुआ ड्रामा था। उन्होंने कहा कि खली एक कुर्सी मारकर बेल्ट जीतकर खड़ा हो गया, जबकि वह उससे कुछ मिनट पहले स्ट्रेचर पर अस्पताल जा रहा था।
चंद्रेश्वरनगर निवासी पहलवान लाभांशु शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने शो के नाम पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बर्बाद कर दिए। उन्होंने इसे सरकार की फर्जी मुकाबले में फिजूलखर्ची करार दिया। उनका कहना है कि इससे कम पैसे में राज्य के विभिन्न जिलों में 20 अखाड़े खुल सकते थे। इस पर अभ्यास करके युवा पहलवान उत्तराखंड और भारत का नाम रोशन करेंगे।
बकौल लाभांशु वह एक नेशनल खिलाड़ी हैं, मगर उन्हें पहलवानी के लिए दूसरे राज्यों की ओर रुख करना पड़ता है। राज्य सरकार से कई बार अनुरोध करने पर भी अभी तक उन्हें कुश्ती का मैट उपलब्ध नहीं हो पाया है, जिससे हमें मिट्टी में ही अभ्यास करके राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए राज्य का प्रतिनिधित्व करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की शो फाइट मुकाबले से देश और राज्य को कोई लाभ नहीं होगा। हमें यह बात समझनी होगी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से भविष्य में केवल अंतरराष्ट्रीय मान्यता और ओलंपिक आदि से प्राप्त फाइट को कराने की अपील की है।