ऋषिकेश। थाना रायवाला अंतर्गत छिद्दरवाला में स्कूल से घर आ रहे एक नौ वर्षीय मासूम का दुपहिया वाहन के टक्कर से मौत हो गई है। थाना रायवाला पुलिस ने शव का पंचनामाभर, शव को पीएम के लिए हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट के मोर्चरी में रख दिया है। थाना रायवाला पुलिस इस ओर छानबीन में जुट गई है।
थाना रायवाला पुलिस ने बताया कि सोमवार दोपहर को आदर्श राणा (9) पुत्र धनवीर सिंह राणा, निवासी साहबनगर, छिद्दरवाला, रायवाला स्कूल से सड़क किनारे घर आ रहा था। छिद्दरवाला चेकपोस्ट के पास तेज गति से आ रहे एक दोपहिया वाहन सवार ने मासूम को टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से मासूम घायल हो गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से मासूम को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष भुवनचंद पुजारी ने बताया कि दोपहिया वाहन को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित परिवार की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।