नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के कार्य में लापरवाही बरतने पर डीएम पौड़ी आशीष चौहान ने यमकेश्वर विकासखंड के दिउली गांव के बीएलओ को हटाने के निर्देश दिए हैं। डीएम चौहान ने कहा कि नए मतदाताओं को सूची में जोड़ने के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार देर शाम डीएम आशीष चौहान ने यमकेश्वर विकासखंड के दिउली गांव का अचानक दौरा किया। डीएम आशीष चौहान ने बताया कि पौड़ी जनपद की मतदाता सूची में करीब 10 हजार नए मतदाताओं (18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा) को जोड़ा जाना है। जिसके लिए सभी बीएलओ को निर्देश जारी किए गए हैं। नए मतदाताओं को सूची में जोड़े जाने के कार्याें का धरातलीय निरीक्षण किया जा रहा है। डीएम चौहान ने बताया कि दिउली गांव के औचक निरीक्षण के दौरान कुछ युवा ऐसे मिले जिन्हें मतदाता सूची में जोड़ा जाना है। लेकिन बीएलओ ने उन्हें फार्म ही वितरित नहीं किया था। डीएम आशीष चौहान ने बताया कि बीएलओ कमलेश देवी की इस गंभीर लापरवाही पर उसे हटाने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम चौहान ने कहा कि नए मतदाताओं को सूची में जोड़ने के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान एसडीएम अनिल चन्याल, नायब तहसीलदार किशोर रौतेला आदि मौजूद रहे।