रायवाला थाना क्षेत्र से लापता हुए दो किशोरों को थाना पुलिस ने 24 घंटे में एसओजी और जीआरपी की मदद से रुद्रपुर से बरामद कर लिया। दोनों किशोरों को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। किशोरों ने बताया कि परीक्षा में कम नंबर आने पर माता-पिता की डांट के डर से वे घर छोड़कर चले गए थे।
रायवाला थाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि 31 मार्च को आसिम सलमानी निवासी खैरीखुर्द, रायवाला ने अपने बेटे फरहान सलमानी (16) और धुव्र प्रताप सिंह निवासी प्रतीत नगर, रायवाला ने पुलिस को अपने बेटे दिव्य प्रताप सिंह उर्फ दिव्यांशु (17) वर्ष के घर से लापता होने की तहरीर थाना में दी थी। दोनों किशोर रायवाला स्टेशन और फिर हरिद्वार स्टेशन पर देखे गए थे। इसके बाद दोनों किशोर हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठकर आगे निकल गए। किशोरों की तलाश के लिए एसओजी और जीआरपी की मदद भी ली गई। बृहस्पतिवार को दोनों को रुद्रपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।