उत्तरकाशी के ध्यानार्थ...
जनशताब्दी की चपेट में आया सातवीं का छात्र, परिवार में मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
रायवाला। कानों में ब्लूटूथ लगाकर रेलवे ट्रैक पर चलना 13 वर्षीय आयुष के लिए जानलेवा साबित हुआ। देहरादून से हरिद्वार जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से सातवीं कक्षा के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे जनशताब्दी ट्रेन रायवाला स्टेशन से पहले आउटर के समीप पहुंची तो रेलवे ट्रैक पर चल रहा एक किशोर ट्रेन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि लोको पायलट ने काफी दूरी से लगातार हॉर्न बजाया, लेकिन किशोर के कानों में ब्लूटूथ लगे होने के कारण वह चेतावनी नहीं सुन सका और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जीआरपी के चौकी प्रभारी प्रीति सैनी ने बताया कि मृतक की पहचान आयुष (13) पुत्र भुवनेश, निवासी भटवाड़ी (जनपद उत्तरकाशी) के रूप में हुई। वह इन दिनों रायवाला के प्रतीतनगर क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहा था। शुक्रवार सुबह वह तिवाड़ी प्लॉट स्थित अपने घर जा रहा था।
आयुष रायवाला के आर्मी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। अचानक हुए इस हादसे की खबर मिलते ही उसकी मां प्रभा देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे को सुनकर स्तब्ध है।