ऋषिकेश। श्री वेद महाविद्यालय में श्रावणी उपाकर्म पर्व वैदिक परंपरा के साथ मनाया गया। संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत संस्कृत दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के आचार्यों और छात्रों ने प्रभात फेरी निकाली। प्रभातफेरी के माध्यम से संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। महाविद्यालय परिसर में श्रावणी उपाकर्म संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक रविंद्र किशोर शास्त्री ने की।
छात्रों ने आचार्यों के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रावणी उपाकर्म की विभिन्न धार्मिक क्रियाएं परंपरानुसार संपन्न की। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने छात्रों को संबोधित करते हुए श्रावणी उपाकर्म का महत्व बताया। आचार्य सुनील दत्त बिजल्वाण ने कहा कि संस्कृत भारतीय ज्ञान परंपरा की आधारभूत भाषाओं में से एक है। इसके संरक्षण और संवर्द्धन की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी की है। इस अवसर पर आचार्य डॉ. अजीत प्रकाश नवानी, आचार्य विपिन उनियाल, आचार्य दीपकराज कोठारी, आचार्य अनिकेत शर्मा, संगीता जेठुड़ी आदि उपस्थित रहे।