सोमेश्वर नगर में सील की गई दुकानें।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण शाखा ऋषिकेश ने सोमेश्वर मंदिर जाने वाले मार्ग पर गंगानगर में करीब 50 लोगों को नोटिस जारी किया है। प्राधिकरण ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार आवासीय भवन पर व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन पर रोक के कारण भवन स्वामियों को नोटिस दिया गया है। एमडीडीए की ओर से नोटिस थमाए जाने पर भवन स्वामियों में प्राधिकरण के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। भवन स्वामियों का कहना है कि प्राधिकरण के नियम केवल गरीब लोगों पर ही लागू होते हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार एक ओर स्वरोजगार पर जोर दे रही है, वहीं विकास प्राधिकरण उन्हें नोटिस देकर उन्हें बेरोजगार करने का काम कर रही है।
पहले भी आए थे इन भवन स्वामियों को नोटिस
ऋषिकेश। वर्ष 2018 की याचिका के अनुसार इस क्षेत्र में पहले भी प्राधिकरण की ओर से इन लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। कुछ दुकानों में प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन की ओर से सीलिंग की भी कार्रवाई हुई थी। प्राधिकरण की ओर से आगे की कार्रवाई नहीं होने पर कुछ लोगों ने अपना व्यवसाय संचालित करना शुरू कर दिया था, कुछ दुकानों में अभी भी सील लगी हुई है। सूत्रों की मानें तो कुछ लोगों ने बिना सरकारी कार्रवाई के अपनी दुकानों की सील तोड़ दी थी।
मानक के बावजूद भी थमा दिया नोटिस
ऋषिकेश। परमानंद गैरोला ने बताया कि वह दिव्यांग हैं। परिवार का भरण पोषण के लिए उन्होंने गंगानगर में दुकान बनाई थी। मानकों के आधार पर ही उन्होंने दुकान की पूरी कार्रवाई की थी। उसके बावजूद भी प्राधिकरण ने उन्हें नोटिस थमा दिया है। इसके लिए वह हाईकोर्ट में याचिका डालेंगे। यही नहीं प्राधिकरण के नियम केवल एक तरफ ही लागू हो रहे हैं। नगर क्षेत्र में जगह-जगह प्राधिकरण के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, उसके बावजूद भी प्राधिकरण इस ओर मूकदर्शक बना हुआ है।
कोट
प्राधिकरण के मानकों के अनुरूप गंगानगर क्षेत्र में निर्माण कार्य हुआ है, जिसके कारण क्षेत्र में भवन स्वामियों को नोटिस थमाया गया है। - विनोद चौहान, जेई, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण शाखा ऋषिकेश्