शिवानंद नगर मुनिकीरेती में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से नालियों में बह रहा अमूल्य जल।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। नगर पालिका मुनिकीरेती ढालवाला अंतर्गत शिवानंद नगर मार्ग पर सप्ताहभर से अमूल्य जल नालियों में बहकर बर्वाद हो रहा है। क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन के कारण आसपास लोगों को पेयजल की किल्लत हो रही है। जलसंस्थान के जिम्मेदार अधिकारी क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को दुरुस्त करने के बजाय इस ओर उदासीन बने हुए हैं।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि शिवानंद मार्ग पर सप्ताहभर से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त है। लाइन क्षतिग्रस्त होने से सारा पानी नालियों में बह रहा है। आसपास क्षेत्र में लोप्रेशर की समस्या बनी हुई है। सड़क पर पानी बहने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है। शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इसकी अनदेखी कर रहे हैं। जलसंस्थान के जेई प्रमोद हटवाल ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है, यदि ऐसा है तो जल्द ही क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को दुरुस्त किया जाएगा।