लक्ष्मणझूला रोड पर हादसे को न्योता दे रही खोदी गई पुलिया।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर गढ़वाल की ओर से बालाजी मंदिर के पास नाले के ऊपर ह्यूम पाइप लगाने के लिए सड़क खोदने के बाद विभाग चलता बना। जिससे सुबह 11 बजे से रात सात बजे हाईवे पर चंद्रभागा पुल से कैलाश गेट तक रुक-रुककर जाम लगता रहा।
लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर गढ़वाल की ओर से इन दिनों कैलाश गेट क्षेत्र में रोड चौड़ीकरण करने का काम किया जा रहा है। विभाग की ओर से नाली का निर्माण किया जा रहा है। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे लोनिवि एनएच की ओर से हाईवे पर बालाजी मंदिर के पास नाले के ऊपर ह्यूम पाइप डालने के लिए जेसीबी से खोदा गया था। जेसीबी से खोदने के बाद हाईवे का आधा हिस्सा कटिंग में चला गया। लोनिवि की ओर से यहां पर अपने कर्मचारी ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए न लगाए जाने से बालाजी मंदिर से बाजार, दूसरी ओर बालाजी मंदिर से कैलाश गेट तक हाईवे पर जाम लग गया। रही कसर हरियाणा दिल्ली से आने वाले वाहन चालकों ने पूरी कर दी। पुलिस के जवान भी मौके पर नहीं थे। इससे दिनभर लोग जाम से जूझते रहे।
सूचना के बाद पुलिस ने वाहनों को व्यवस्थित कर यातायात खुलवाया। उसके बाद लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। फिर लोनिवि के कर्मचारियों की ओर से यातायात को नियंत्रित किया गया। स्थानीय लोगों का आरोप था कि लोनिवि को सड़क को खोदने के साथ ही ह्यूम पाइप डाला जाना चाहिए था, ताकि यातायात बाधित न हो। वहीं लोनिवि एनएच के जेई मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मौके पर कर्मचारियों को भेज दिया गया था।