रानीपोखरी के लिस्ट्राबाद में हाथी ने तोड़ी चहारदीवारी।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। जंगल के समीपवर्ती क्षेत्रों में हाथियों के झुंड की आमद लगातार बनी हुई है। रानीपोखरी के लिस्ट्राबाद क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने बुधवार रात एक बकरी फार्म की बाउंड्रीवॉल तोड़ डाली और आसपास के खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया।
रानीपोखरी के लिस्ट्राबाद क्षेत्र में श्वेता तौमर का बकरी फार्म है। श्वेता ने बताया कि बुधवार रात हाथियों का एक झुंड उनके फार्म में घुस आया। झुंड ने फार्म के एक हिस्से की चहारदीवारी तोड़कर प्रवेश किया, जबकि दूसरे हिस्से की दीवार तोड़कर वे बाहर निकल गए। उन्होंने बताया कि हाथियों ने फार्म में तो कोई नुकसान नहीं पहुंचाया, लेकिन अब उन्हें दीवार फिर से बनाने में करीब एक से डेढ़ लाख रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इधर, फार्म में काम करने वाले सोहन सिंह ने बताया कि इस क्षेत्र हाथी अकसर जंगल की सीमा ने निकलकर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। वन विभाग से इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन वे नाम मात्र की गश्त करके लौट जाते हैं। इधर, वन क्षेत्राधिकारी बड़कोट रेंज केशर सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।