गेट नंबर दो के बाहर तक फैला कूड़ा निराश्रित पशुओं का जमावड़ा बढ़ा
ऋषिकेश। गुमानीवाला स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में करीब एक महीने से तालाबंदी के चलते शहर के सभी वार्डों से एकत्र कूड़ा गोविंद नगर स्थित ट्रचिंग ग्राउंड में डाला जा रहा है। इससे ट्रचिंग ग्राउंड में एक बार फिर कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए हैं। स्थिति यह है कि गोविंद नगर की ओर ट्रचिंग ग्राउंड के गेट नंबर दो के बाहर तक कूड़ा फैलने लगा है। कूड़े के ढेर पर निराश्रित पशुओं का जमावड़ा लगा रहने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी जगजीत सिंह ने बताया कि गोविंद नगर से कूड़ा उठान का कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को राहत मिली थी लेकिन गुमानीवाला प्लांट पर तालाबंदी के बाद फिर से ट्रचिंग ग्राउंड में कूड़ा डाला जाने से क्षेत्र में एक बार फिर समस्या बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि सुबह से शाम तक कूड़ा वाहनों के लगातार आने जाने से गोविंद नगर में परेशानी बढ़ रही है। ट्रचिंग ग्राउंड में कूड़ा डालने के साथ ही कूड़ा उठान करने वाले वाहनों और छंटाई करने वाली मशीनों के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं। एक ओर गुमानीवाला प्लांट बंद पड़ा है वहीं दूसरी ओर गोविंद नगर ट्रचिंग ग्राउंड पर बढ़ते कूड़े के दबाव से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा नगर निगम
कूड़ा निस्तारण प्लांट पर तालेबंदी पर अब नगर निगम कोर्ट की शरण में जाने पर विचार कर रहा है। मेयर शंभू पासवान ने कहा कि कूड़ा निस्तारण प्लांट के लिए नगर निगम को केंद्र सरकार से वन विभाग की भूमि मिली है। सभी मानकों का पालन करते हुए वन विभाग की भूमि पर कूड़ा निस्तारण प्लांट का निर्माण किया गया है लेकिन चुनावी माहौल के चलते कुछ लोग ग्रामीणों को भ्रमित कर रहे हैं। एक महीने से प्लांट पर तालाबंदी की गई है जबकि कई बार आंदोलित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया है। यदि जल्द तालाबंदी समाप्त नहीं की गई तो कोर्ट का रुख किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा मांग पूरी होने तक जारी रहेगी तालाबंदी
कूड़ा निस्तारण प्लांट का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि वह कूड़ा निस्तारण प्लांट को यहां से स्थानांतरित करने की एक सूत्रीय मांग के लिए आंदोलित हैं। कूड़े की दुर्गंध पूरी बस्ती में फैल रही है जिससे लोग परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान से ही प्लांट का विरोध किया जा रहा है। भारी विरोध के बावजूद भी प्लांट का निर्माण किया गया है। पूर्व सामाजिक कार्यकर्ता लालमणि रतूड़ी ने कहा कि मांग पूरी होने तक तालाबंदी जारी रहेगी।