ऋषिकेश। श्री देव सुमन विश्वविद्यालय परिसर में नगर निगम ऋषिकेश की ओर से भारत की जनगणना के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। इसके दूसरे दिन प्रगणकों को जनगणना के 30 सवालों पर विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। शुक्रवार को प्रशिक्षणार्थी मनोज कुमार गुप्ता ने पहले दिन के प्रशिक्षण पर प्रतिक्रिया दी। फील्ड ट्रेनर डॉ. सुनील थपलियाल, दिवाकर नैथानी और उमा पाटनी ने बताया कि उत्तरदाता का उत्तर ही सर्वमान्य है। उन्होंने प्रगणकों को शालीनता और मैत्री भाव से सभी प्रश्नों के सही उत्तर प्राप्त करने को कहा। प्रशिक्षकों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई उत्तरदाता सहयोग नहीं करता, तो कानूनी प्रावधानों और पुलिस प्रशासन की मदद ली जा सकती है। हालांकि, पहली प्राथमिकता सौम्य व्यवहार से सटीक आंकड़े जुटाना है। इन आंकड़ों को पर्यवेक्षक और चार्ज अधिकारी के माध्यम से जनगणना निदेशालय को प्रेषित किया जाना है। इस अवसर पर सहायक चार्ज अधिकारी यशवीर सिंह, राबिया खान, सुशील सैनी, रेखा बिष्ट, गौरव, ललित शर्मा, अशोक थापामौजूद रहे।