नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में लोग वन रेंज कार्यालय पहुंचे
वन विभाग से समस्या से निजात दिलाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
डोईवाला। नगरीय क्षेत्र आर्यनगर में गुलदार के आने से लोगों में दहशत फैल गई है। बीती रात गुलदार ने एक बछिया को मार डाला। ग्रामीणों ने वन विभाग से समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
नगर पालिका के आर्यनगर क्षेत्र में गुलदार की लगातार चहलकदमी ग्रामीणों के लिए भय का कारण बन गई है। बीती रात गुलदार आबादी क्षेत्र में घुस आया और मस्तू गुर्जर की बछिया पर हमला कर मार डाला। इस हमले के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
लच्छीवाला वन रेंज के अंतर्गत आने वाला यह क्षेत्र सौंग नदी किनारे फतेहपुर टांडा तक वन क्षेत्र से सटा है। इस वन क्षेत्र से अक्सर वन्य जीव आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाते हैं। गुलदार के आने से अब लोग और भी अधिक भयभीत हो गए हैं।
सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में कई लोग वन रेंज कार्यालय पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को गुलदार की समस्या से अवगत कराया। अध्यक्ष ने बताया कि कुछ माह पहले सौंग नदी के दूसरे क्षेत्र मिल रोड क्षेत्री मोहल्ले में भी गुलदार देखा गया था। अब यह आर्यनगर क्षेत्र में आ रहा है, जिससे चिंता बढ़ गई है।
सभासद सुरेश सैनी ने वन विभाग से क्षेत्र में अतिरिक्त गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार के लगातार आबादी में आने से उनकी सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने वन विभाग से जल्द-से-जल्द कोई ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है। लोगों ने बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।
वन क्षेत्राधिकारी जीएस धमांदा ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। लोगों की सुरक्षा को विभाग प्राथमिकता में रख रहा है।