देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज में आयोजित पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ऑल इंडिया रेसलिंग टूूर्नामेंट में तीर्थनगरी निवासी लाभांशु शर्मा ने गोल्ड मेडल जीतकर प्रतियोगिता अपने नाम की। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के करीब 150 प्रतिभागी प्रतिभाग कर रहे थे।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में लाभांशु शर्मा ने शांतिकुंज, पतंजलि, हरियाणा और राजस्थान के पहलवानों को हराकर अपना दबदबा बनाया। पहलवान का प्रदर्शन देख विश्वविद्यालय वाइस चांसलर चिन्मय पांडेय ने शर्मा को बेस्ट रेसलर के अवार्ड से सम्मानित किया।
लाभांशु शर्मा को जनवरी 2015 में गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया था। पहलवानी के क्षेत्र मेें लाभांशु शर्मा ने राज्य स्तर पर छह गोल्ड, नेशनल स्तर पर तीन पदक और नौ सेरवा दिल्ली खिताब अपने नाम किया है।
युवा बचाओ दुनिया बचाओ अभियान से दे रहे प्रेरणा
चंद्रेश्वनगर निवासी लाभांशु शर्मा युवा बचाओ, दुनिया बचाओ अभियान से युवा पीढ़ी को नशे के लत से बचने की प्रेरणा दे रहे हैं। वह इस अभियान के माध्यम से आसपास के स्कूलों में कई युवाओं से शपथ पत्र भरवा चुके हैं। शर्मा ने बताया कि वह युवाओं को जागरूक करने के लिए इस अभियान से जुड़े रहेंगे।