तीर्थनगरी के पहलवान लाभांशु शर्मा ने दिल्ली में आयोजित 61वें ऑल इंडिया स्कूल गेम्स में 96 किग्रा ग्रेको रोमन के अंडर-19 मुकाबले में कांस्य जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
दो से सात जनवरी के मध्य दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे पहलवान लाभांशु ने दूरभाष पर अमर उजाला को बताया कि इस प्रतियोगिता में उन्होंने पंजाब, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और झारखंड के पहलवानों को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में लाभांशु दिल्ली के पहलवान से करीबी मुकाबले में 3-2 से हार गए। लिहाजा उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। लाभांशु ने बताया कि अब वह मई 2016 में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्कूल गेम्स की तैयारी में जुटेंगे।
तीर्थनगरी के लाभांशु शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीरता पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। कुशल पहलवानी के लिए भी लाभांशु सरकार और गैर सरकारी संस्थाओं की ओर से भी सम्मानित किए जा चुके हैं।