चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर एसडीआरएफ मुख्यालय जौलीग्रांट में एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संचार व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, आधुनिक उपकरणों के समुचित उपयोग, पर्याप्त जनशक्ति की तैनाती और पोस्ट स्थापना बिंदुओं पर चर्चा की गई।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम और सुचारु बनाने के लिए एसडीआरएफ की सभी टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। जनहानि को कम से कम करने और त्वरित रेस्क्यू के लिए जवानों को खास प्रशिक्षण देकर आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। बैठक में डॉग स्क्वाड की तैनाती, आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक एक्सरसाइज का आयोजन, श्रद्धालुओं की सुविधा और जागरूकता के लिए यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सूचनात्मक बैनर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं
कहा कि आवश्यक स्थानों पर पैरामेडिक्स की तैनाती और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। बैठक में सहायक सेनानायक सुशील रावत, संजय उप्रेती, निरीक्षक प्रमोद रावत, अनिरुद्ध भंडारी, जगदंबा प्रसाद, कवींद्र सजवाण, कर्ण सिंह, सुनील सती, राम गोपाल, जयपाल राणा आदि उपस्थित रहे।