राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऋषिकेश (ऑटोनामस) में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए प्रवेश फार्म जमा करने का आज अंतिम अवसर है। महाविद्यालय में प्रवेश के लिए अब तक लगभग 2458 आवेदन फार्म जमा हो चुके है। 14 जुलाई को महाविद्यालय प्रशासन की ओर से पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। सबसे अधिक 940 आवेदन बीए प्रथम वर्ष के लिए जमा हुए है।
सत्र 2016-17 में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश पाने के लिए महाविद्यालय प्रशासन ने आवेदन फार्म जमा करने की अंतिम तिथि पहले 9 जुलाई को निर्धारित की थी। लेकिन राज्य के कई क्षेत्रों में आपदा की स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की मांग पर आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई तक बढ़ाई है। बीएससी प्रथम वर्ष में सभी विषयों में 320 सीटें निर्धारित है। लेकिन अब तक बीएससी प्रथम वर्ष में 680 आवेदन, बीकॉम में 240 सीटों के सापेक्ष 838, और बीए प्रथम वर्ष भूगोल में 100 सीटें, संस्कृत में 60 सीटें और अन्य सभी विषयों में 120 सीटें निर्धारित है। इसके सापेक्ष 940 आवेदन फार्म महाविद्यालय में जमा हो चुके है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डा. डीसी नैनवाल ने बताया कि 14 जुलाई को मेरिट लिस्ट प्रकाशित कर दी जाएगी। काउंसलिंग के तीन दिन के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। 18 जुलाई से कक्षाओं में विधिवत पठन-पाठन शुरू हो जाएगा। वहीं नए सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने से कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं भी संख्या बढ़ने लगी है।