एसपीएस चिकित्सालय में कोविड की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी ।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जिले की सीमाओं को जोड़ने वाला क्षेत्र तीर्थनगरी में कोरोना संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। विभिन्न प्रांतों के पर्यटक तीर्थनगरी में आवागमन कर रहे हैं। संक्रमण को रोकने के लिए हर जिले के स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपनी सीमाओं में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के प्रवेशद्वार पर कोरोना सैंपल के बूथ बनाए हुए हैं। जिसमें लोग कोविड-19 की जांच की जा रही है।
पौड़ी जनपद की सीमा पर
पौड़ी जिला अंतर्गत लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की ओर से पर्यटकों और स्थानीय लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। यमकेश्वर ब्लॉक के स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि उनके क्षेत्र में नीलकंठ मोटर मार्ग पर गरुड़चट्टी, बैराज और राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय लक्ष्मणझूला में कोविड बूथ बनाया गया है। जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम आरटीपीसीआर, रैपिड एंटीजन और ट्रयूनैट से सैंपल ले रही है। इन तीनों बूथों पर उनके 200 सैंपल लिए जा रहे हैं। आरटीपीसीआर सैंपलों की रिपोर्ट दो 48 घंटे के अंदर और ट्रयूनैट की रिपोर्ट एक घंटे के अंदर आ रही है। इसके अलावा रैपिड एंटीजन की रिपोर्ट 15 मिनट में आ रही है। कहा वर्तमान में उनके पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है। उनके पास पांच सौ से ज्यादा पीपीई कीट, 12 सौ आरटीपीसीआर, पांच सौ रैपिड एंटीजन और 80 ट्रयूनैट के सैंपल कीट उपलब्ध हैं।
टिहरी जिले की सीमा पर
ऋषिकेश। टिहरी जिले के फकोट ब्लॉक स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. जगदीशचंद्र जोशी ने बताया कि उनके क्षेत्र में भद्रकाली, शिवानंद और मधुवन आश्रम के समीप तीन बूथ स्थायी संचालित हैं। इसके अलावा चार सैंपल टीम ऐसी है जो जगह-जगह क्षेत्र में कोविड के सैंपल ले रही हैं। उनके पास एक हजार से अधिक पीपीईकीट, तीन सौ आरटीपीसीआर, 350 रैपिड एंटीजन और 200 ट्रयूनैट के टेस्ट कीट उपलब्ध हैं। कहा इन सात टीमों की मदद से रोजाना क्षेत्र में दो सौ से अधिक कोविड के टेस्ट हो हो रहे हैं।
दून जिले की सीमा पर
ऋषिकेश। दून जिले की सीमा पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट है। यहां एसपीएस राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश के सीएमएस डा. नरेंद्र तोमर ने बताया कि उनके पास कोविड-19 को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। कहा उनकी एक टीम अस्पताल में आरटीपीसीआर और एक टीम तहसील में रैपिड एंटीजन के सैंपल ले रही है। दोनों की रोजाना सैंपलिंग 250 के पार है। इसके अलावा उनके पास सात सौ पीपीईकीट, दो सौ आरटीपीसीआर, सौ रैपिड एंटीजन और 50 ट्रयूनैट के टेस्ट कीट उपलब्ध हैं।