युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत गौहरीमाफी में भी अब साप्ताहिक हाट बाजार लगेगा। मंडी समिति ने हाट बाजार लगाने के लिए ग्राम पंचायत को हरी झंडी दे दी है। क्षेत्र के काश्तकार अब हाट बाजार में अपने उत्पादित माल को सीधे ग्राहकों को बेच सकेंगे। करीब पंद्रह हजार लोगों को इसका लाभ मिलेगा। ग्राम पंचायत की पांच बीघा बंजर पड़ी भूमि पर हाट बाजार लगेगा।
रायवाला हाट बाजार की तर्ज पर गौहरीमाफी में भी हाट बाजार लगाने को मंडी समिति ने ग्राम पंचायत को संस्तुति दे दी है। गौहरीमाफी क्षेत्र में हाट बाजार न होने के चलते काश्तकारों को अपने उत्पादित माल बेचने के लिए पांच किमी दूर रायवाला जाना पड़ता था। ग्राम सभा की ओर से मंडी समिति को गौहरीमाफी में हाट बाजार लगाने का प्रस्ताव 16 अगस्त 2016 को भेजा गया था। ग्राम प्रधान सरिता रतूड़ी ने बताया कि हाट बाजार लगाने के लिए मंडी समिति की ओर से संस्तुति मिल गई है। मंडी समिति और ग्राम सभा की बैठक कर जल्द ही तिथि घोषित कर दी जाएगी। वार्ड सदस्य दिगंबर गौनियाल ने बताया कि काफी लंबे समय से हाट बाजार लगाने के प्रयास किए जा रहे थे। हाट बाजार लगाने की अनुमति मिलने से स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सकेगा।
शुरू में पंचायत नहीं वसूलेगी कोई कर
ग्राम प्रधान सरिता रतूड़ी और उपप्रधान कीर्ति सिंह रावत ने बताया कि हाट बाजार में लगने वाली दुकानों से शुरू में कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। हाट बाजार का उद्देश्य स्थानीय लोगों को स्वरोजजार देना है।
लोगों ने स्वरोजगार के लिए बेहतर बताया
ग्रामसभा गौहरीमाफी में हाट बाजार लगने से लोगों को सब्जी खरीदने के लिए पांच किलोमीटर नहीं जाना पड़ेेगा। हाट बाजार लगने से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार का अच्छा मौका।
- पुनीत उनियाल, समाजसेवी
हाट बाजार लगने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं, स्थानीय लोगों को दैनिक दिनचर्या के खाने पीने के सामान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
- देवेंद्र सेमवाल, आरटीआई कार्यकर्ता
ग्राम पंचायत गौहरी माफी में हाट बाजार लगाने की अनुमति दे दी गई है। मंडी अधिकारियों की ओर से पंचायत को पूरा सहयोग दिया जाएगा। गौहरीमाफी में हाट बाजार लगाने की योजना को परवान चढ़ाने के लिए वहां पर ग्राम पंचायत की भूमि पर कुछ निर्माण कार्य करने के लिए बजट का प्रस्ताव रूद्रपुर सब्जी मंडी को भेजा गया है।
-भगवती प्रसाद सेमवाल, उपाध्यक्ष मंडी समिति ऋषिकेश