ऋषिकेश। हनुमान जयंती पर श्री जयराम आश्रम अन्नक्षेत्र ऋषिकेश में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हनुमानजी शक्तिशाली, अपराजेय व संकटमोचन हैं। हनुमानजी के चरित्र की सबसे बड़ी विशेषता उनका शक्तिमान होना ही नहीं, बल्कि उनके ज्ञान के साथ ही गुणों का भी सागर होना है। इसके बाद वह मायाकुंड स्थित श्री मनोकामना सिद्ध श्री हनुमानपीठ मंदिर में रामचरितमानस पाठ के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने हवन यज्ञ में पूर्णाहुति देकर हनुमान आरती में शामिल हुए।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी रामेश्वरदास महाराज, शशिप्रभा, पीयूष अग्रवाल, दिनेश सती, पूर्व पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा, संदीप खुराना आदि उपस्थित थे। उधर, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती देशवासियों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रीराम भक्त हनुमान भक्ति, शक्ति और सद्बुद्धि के दाता हैं। इस दौरान परमार्थ निकेतन में सुंदर कांड का पाठ, योग, ध्यान और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। श्री दर्शन महाविद्यालय में हनुमान जयंती मनाई गई। इस दौरान महाविद्यालय में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। विद्यालय के अध्यक्ष संजय शास्त्री की ओर से छात्रों को हनुमानजी के जीवन, तप, बुद्धि, ज्ञान, कौशल के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर महामंडलेश्वर दयारामदास महाराज, रवि प्रपन्नाचार्य, वंशीधर पोखरियाल, मुकेश कुमार बहुगुणा, कमल डिमरी, सुशील नौटियाल, आशीष जुयाल, सीमा मैठाणी, प्यारेलाल तिवारी आदि उपस्थित थे।
-----
‘हनुमानजी के जीवन से सीख लेनी चाहिए’
ऋषिकेश। मधुबन आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सबसे पहले सुबह हरि नाम संकीर्तन ऋषिकेश के विभिन्न मार्गों से निकाला गया। उसके बाद श्री भक्ति जोग महाराज की याद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। दोपहर 12 बजे हनुमानजी की पूजा की गई। इस अवसर पर आश्रम के अध्यक्ष श्री परमानंद महाराज ने कहा कि हनुमानजी के जीवन से हमको यह सीख लेनी चाहिए। इस अवसर पर अशोक गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, चंद्रभूषण दमीर, राजीव कालरा, पवन सिंह, हरि भगत दास आदि उपस्थित थे।