श्यामपुर खदरी लक्कड़घाट के विस्थापित क्षेत्र में एक खेत में लगे कंटीले तार में फंसने से एक गुलदार की मौत हो गई। घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया। अधीनस्थों के साथ उप प्रभागीय वनाधिकारी भरत सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बताया कि मृत गुलदार मादा है और उसकी उम्र लगभग ढाई साल के आसपास है।
बृहस्पतिवार तड़के वीरभद्र स्थित वन चौकी में तैनात वन आरक्षी एसडी कंडवाल और सहायक राजबहादुर लक्कड़घाट विस्थापित क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी बीच मार्ग किनारे एक खेत में जंगली जानवरों की आमद रोकने के लिए लगाई कंटीले तारबाढ़ में एक गुलदार फंसा मिला।
वनकर्मियों ने जब तक तार में फंसे गुलदार को निकाला तब तक उसने दम तोड़ दिया था। उन्होंने मामले की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी। एसडीओ, दून भरत सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
वन आरक्षी रामफल ने बताया शव कब्जे में लेकर दून मार्ग स्थित पशु चिकित्सालय लाए। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को सौफूटी के जंगल में जला दिया गया। फिलहाल विभाग ने मामले में किसी तरह की कार्रवाई से इनकार किया है।