कथाव्यास पंडित धर्मेंद्र उपाध्याय शास्त्री जी महाराज ने कहा कि भागवत के माध्यम से प्राणी भगवान के नाम, सत्संग और सेवा से जुड़ता है। उसका जीवन स्वत: ही सुखमय और सार्थक बन जाता है।
श्रद्धालुओं की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का सोमवार को पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। अंतिम दिन पूर्णाहुति में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर आहुति डाली। कथा व्यास ने कहा कि आज मनुष्य भौतिक सुख-सुविधाओं के पीछे भागते-भागते मानसिक शांति खो चुका है, जबकि सच्चा आनंद भगवान के स्मरण और भक्ति में है। कहा कि कलियुग में भगवान का नाम ही सबसे बड़ा सहारा है।
आयोजन समिति से जुड़े पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से नशामुक्ति, सदाचार, माता-पिता की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, ईश्वरचंद अग्रवाल, शशिप्रभा अग्रवाल, एसपी सिंह, मेयर शंभू पासवान , राजेन्द्र तड़ियाल, अभिषेक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।