डोईवाला। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से नौ अप्रैल में गो एयर भी दिल्ली और मुंबई के लिए उड़ानों को शुरू करने जा रहा है। उड़ानों का शेड्यूल तय हो गया है। पहली बार गो एयर अपनी सेवाएं देहरादून एयरपोर्ट के लिए शुरू कर रही है। इस माह एयरपोर्ट पर करीब पांच नई उड़ानें शुरू हो जाएंगी।
दिल्ली और मुंबई जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए यह अच्छी खबर है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट डायरेक्टर डीके गौतम ने बताया कि नौ अप्रैल से गो एयर की दिल्ली और मुंबई की उड़ानें शुरू हो जाएंगी। बताया गया कि मुंबई से विमान 1.15 बजे जौलीग्रांट पहुंचेगा और 1.45 बजे वापसी की उड़ान भरेगा। इसी तरह से दिल्ली से गो एयर का विमान दो बजकर 15 मिनट पर जौलीग्रांट आएगा। 2.45 पर दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। इसी माह से अहमदाबाद, बंगलुरू और प्रयागराज के लिए भी उड़ानें शुरू हो रही हैं। आगामी चार धाम यात्रा और कुंभ में आने वाले यात्रियों को हवाई सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।