नगर में अब भी जगह-जगह दिखाई दे रहे गंदगी के ढेर
- फोटो : file photo
नगर पालिका प्रशासन की उदासीनता के चलते चारधाम यात्रा बस टर्मिनल केंद्र में बाहरी प्रांतों से आने वाले श्रद्घालुओं का स्वागत गंदगी से हो रहा है। सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने से से केंद्र परिसर में जहां तहां कूड़ा कचरा फैला हुआ है। चारधाम यात्रा में बुनियादी सुविधाओं को सुचारु करने के प्रशासन के दावे हवाई हो रहे हैं। बीटीसी परिसर में लगे प्याऊ के आसपास गंदगी पसरी पड़ी हुई है। हलक तर करने के लिए प्याऊ की ओर आने वाले यात्री मुंह पर रुमाल रखने को मजबूर हैं।
अव्यवस्था का आलम यह कि बीटीसी परिसर में जहां तहां कूड़ा कचरा पसरा है, यात्री प्रतीक्षालयों के बाहर खाद्य सामग्री के खाली रेपर, प्लास्टिक की खाली बोतलें बिखरी पड़ी हैं। यह हाल तब है जब चारधाम यात्रा में सफाई व्यवस्था के लिए अस्थाई कर्मियों की तैनाती की गई है। सफाई के नाम पर परिसर में नालियों के किनारे चूने का छिड़काव जरूर हो रहा है। यात्रियों का कहना है कि बीटीसी में कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं है, ऐसे में कूड़ा कचरा इधर उधर फेंकने को मजबूर हैं।
चारधाम यात्रा में श्रद्घालुओं को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए प्रशासन कृत संकल्प है। बीटीसी में सफाई व्यवस्था लचर है तो नगर पालिका को निर्देशित किया जाएगा। सुविधा में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। - विनीत तोमर, उपजिलाधिकारी ऋषिकेश