ऋषिकेश। थाना मुनिकीरेती पुलिस ने नगरपालिका मुनिकीरेती ढालवाला के पूर्व सभासद समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना मुनिकीरेती पुलिस ने पूर्व सभासद को नरेंद्रनगर और अन्य तीन अन्य लोगों को खारास्रोत से गिरफ्तार किया है।
थाना मुनिकीरेती प्रभारी निरीक्षक कमलमोहन भंडारी ने बताया कि बीते 10 अक्तूबर को कैलासगेट मुनिकीरेती में बाइक और स्कूटी सवार के बीच बहस हो गई थी। मामला इतना बढ़ा के दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई थी। उसके बाद एक पक्ष के पुलकित धींगड़ा पुत्र सुरेंद्र धींगड़ा निवासी राणा प्रतापबाग दिल्ली ने पूर्व सभासद अनुराग पयाल, दीपचंद कुमाईं, रमेश कुमाई और पंकज रावत निवासी मुनिकीरेती समेत 16 लोग और दूसरा पक्ष कुमाईं डेरी मुनिकीरेती के संचालक दीपचंद कुमाई ने आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना मुनिकीरेती में तहरीर दी थी। थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई थी। बीते 22 अक्तूबर को थाना मुनिकीरेती पुलिस ने दीपचंद कुमाईं की शिकायत पर पुलकिल धींगड़ा निवासी राणा प्रतापबाग दिल्ली और संदीप राणा निवासी गंगालासी दोगी पट्टी, टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया था। सोमवार को थाना पुलिस ने दूसरे पक्ष के चार लोग अनुराग पयाल, दीपचंद कुमाईं, रमेश कुमाईं और पंकज रावत निवासी मुनिकीरेती को भी गिरफ्तार कर दिया है। जिसमें थाना पुलिस ने अनुराग पयाल को नरेंद्रनगर और अन्य तीन लोगों को खारास्रोत मुनिकीरेती से गिरफ्तार किया है। थाना पुलिस वीडियो फुटेज के माध्यम से अन्य लोगों की भी छानबीन में जुटी हुई है।
इंसेट
राफ्टिंग संचालकों ने जताया आक्रोश
ऋषिकेश। नगरपालिका मुनिकीरेती के पूर्व सभासद समेत अन्य तीन लोगों की गिरफ्तारी होने पर राफ्टिंग एसोसिएशन ने आक्रोश जताया। गुस्साए राफ्टिंग व्यवसायी थाना मुनिकीरेती में एकत्रित हुए। राफ्टिंग एसोसिएशन ने कहा कि बीते 22 अक्तूबर को कैलासगेट मुनिकीरेती में राफ्टिंग व्यवसायियों ने थाना मुनिकीरेती पुलिस के खिलाफ सांकेतिक धरना देकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की थी। दो दिन के अंदर गिरफ्तारी नहीं होने पर उन्होंने 25 अक्तूबर को कैलासगेट में पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी। लेकिन पुलिस प्रशासन ने आंदोलन से पहले ही उनके एसोसिएशन के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन ने केवल एक पक्षीय निर्णय लिया है। उधर थाना मुनिकीरेती प्रभारी निरीक्षक कमलमोहन भंडारी ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाना मुनिकीरेती में क्रॉस मुकदमा दर्ज हुआ है। थाना पुलिस इस ओर छानबीन में जुटी है। जल्द अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी होगी। इस मौके पर अनुभव पयाल, जीतपाल, अरुण सजवाण, नीरज शर्मा, अंकित गुप्ता, जितेंद्र धाकड़, प्रदीप काफरान, सुमितपाल, अंकित पाल, भगवान सिंह रावत, हुकम सिंह रावत, दिनेश, विनोद थपलियाल आदि शामिल थे।