डोईवाला पुलिस के हत्थे चढ़े दोपहिया वाहन के 4 चोर।
- फोटो : RISHIKESH
डोईवाला। पुलिस ने दोपहिया वाहन गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार कर लिए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर दस दोपहिया वाहन भी पुलिस ने बरामद कर लिए है। दोपहिया वाहन चोर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस जुट गई है।
बीते 13 अगस्त को रेशममाजरी निवासी सचिन ने भानियावाला स्थित एक ढ़ाबे के पास से उसकी बाइक चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। वाहन चोरी की अन्य वारदातें को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने घटनाओं की रोकथाम के लिए कार्ययोजना तैयार की। जिससे घटनास्थल के रूट के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। मुखबिर से सूचना मिली की गिरोह के तीन सदस्य दो बाइकों से जौलीग्रांट से मुख्य हाईवे की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने सक्रियता से जीवनवाला में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि उन्होंने एक बाइक भानियावाला और दूसरी बिजनौर से चुराई थी। उनके गिरोह का चौथा साथी लालतप्पड़ में खंडरनुमा फैक्टरी में चोरी की गई बाइकों की निगरानी के लिए रहता है। निशानेदेही पर चौथे साथी और आठ बाइकों को बरामद कर लिया। कोतवाल राजेंद्र रावत ने आरोपियों की पहचान विपिन कुमार निवासी मोहम्मदपुर कैसो थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश, वासुदेव ग्राम मुनीमपुर थाना ठाकुरद्वारा उत्तर प्रदेश, नकुल निवासी पिपली घनश्याम थाना ठाकुरद्वारा मुरादाबाद उत्तर प्रदेश और दीपक निवासी निकुंज विहार, थाना ज्वालापुर हरिद्वार के रूप में हुई है।
घर और दुकान के बाहर खड़े दोपहिया को बनाते थे निशान
डोईवाला। दोपहिया वाहन चुराने वाले आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह घर और दुकान के बाहर खड़े दोपहिया वाहन को निशाना बनाते थे। कहा कि बाहर खड़ी बाइक आदि में आसानी से लॉक खुले जाते हैं। किसी सुनसान स्थान पर छिपाकर फिर ग्राहक ढूंढकर बाइक बेचते हैं। यदि वाहन में कागजात होते हैं तो आसानी से बिक जाती है। आरोपियों ने बताया कि कई बाइकें हरिद्वार, देहरादून और बिजनौर से चुराई है। बताया गया कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए दोपहिया वाहनों की चोरी करते थे।