टोल बैरियर पर फास्ट ट्रैक बनाने के लिए खड़े लोग।
- फोटो : RISHIKESH
डोईवाला। देहरादून हरिद्वार हाईवे के लिए बनाए गए लच्छीवाला टोल प्लाजा पर आज से बिना शुल्क आवाजाही नहीं हो सकेगी। खास बात यह है कि टोल से आवाजाही करने के लिए फास्टटैग को अनिवार्य कर दिया गया है। देर शाम तक विभागीय अधिकारी टोल की व्यवस्थाओं को पुख्ता बनाने में जुटे रहे थे।
राजधानी देहरादून आने जाने वाले वाहन बिना टोल दिए आवाजाही नहीं कर सकेंगे। बृहस्पतिवार आज से राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन ने टोल प्लाजा शुरू कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली है। हाईवे पर सफर करने के लिए अब वाहनों को शुल्क अदा करना पड़ेगा। अधिकारियों के मुताबिक टोल के संचालन के लिए ट्रायल पूरा कर लिया गया है। टोल बैरियर पर आने और जाने के लिऐ पांच-पांच लेन तैयार है। सभी लेन से फास्टटैग के जरिए ही आवाजाही संभव हो सकेगी। नई नीति के तहत बिना फास्टटैग के आने जाने वालों को दोगुना शुल्क देना होगा। देर शाम तक नेशनल हाईवे के अधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे थे।
आज बृहस्पतिवार से लच्छीवाला टोल प्लाजा का संचालन शुरू किया जाना प्रस्तावित है। बिना फास्टटैग के आने जाने वाले वाहनों से दोगुना शुल्क लिया जाएगा। बीस किमी के दायरे में आने वाले लोगों को सहूलियत देने का प्रावधान है। वाहन चालकों से फास्टटैग लेने के लिए अनुरोध किया जा रहा है। लोग सुविधा के लिए एनएचएआई की वेबसाइट से भी फास्टटैग ले सकते हैं।
अंशुल शर्मा, टेक्नीकल इंजीनियर, एनएचएआई।