फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rishikesh News: 10 माह से बंद थानो इको पार्क में अब लगेगा प्रवेश शुल्क, स्थानीयाें के लिए फ्री एंट्री की मांग

Thu, 12 Nov 2026 07:14 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऋषिकेश
विज्ञापन
विज्ञापन
- मरम्मत के नाम पर जनवरी से जड़ा है ताला, बैरंग लौट रहे पर्यटक
विज्ञापन

- पर्यटकों की आवाजाही थमने से स्थानीय दुकानदारों के सामने खड़ा हुआ रोजी-रोटी का संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। देहरादून वन प्रभाग की थानो रेंज स्थित इको पार्क पिछले 10 महीनों से बंद पड़ा है। मरम्मत के नाम पर जनवरी माह में पार्क के मुख्य गेट पर जड़ा गया ताला अब तक नहीं खुल पाया है। इस कारण जहां पर्यटक और स्थानीय लोग मायूस हैं, वहीं अब वन विभाग इस पार्क में प्रवेश शुल्क लगाने की तैयारी कर रहा है। जल्द ही शुल्क की दरें तय कर इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
वन विभाग ने करीब पांच साल पहले (वर्ष 2021 में) थानो में इस इको पार्क का निर्माण कराया था। लेकिन, उचित रखरखाव के अभाव में पार्क के झूले, फिसलपट्टी और बेंच टूट गए थे। इसे दोबारा संवारने के लिए पिछले साल बजट स्वीकृत होने के बाद, इस वर्ष जनवरी से मरम्मत कार्य शुरू किया गया और सुरक्षा के मद्देनजर पार्क को बंद कर दिया गया। तब से वीकेंड पर यहां सुकून की तलाश में आने वाले पर्यटकों को गेट से ही बैरंग लौटना पड़ रहा है, जबकि स्थानीय लोग भी सुबह-शाम की सैर से वंचित हैं।
विज्ञापन

दुकानदारों की आजीविका पर मंडराया संकट
पार्क के ठीक बाहर स्थानीय युवाओं ने पांच-छह छोटी दुकानें लगाई हुई हैं। इनका रोजगार पूरी तरह से पार्क में आने वाले पर्यटकों पर निर्भर है। पार्क पर ताला लटकने के बाद से यहां सन्नाटा पसरा है। स्थानीय दुकानदार वीर सिंह, विकास और संतोष ने बताया कि पर्यटकों की आवाजाही रुकने से उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने वन विभाग से जल्द से जल्द पार्क के गेट खोलने की गुहार लगाई है।
स्थानीय लोगों से शुल्क लिया तो होगा आंदोलन
इको पार्क में प्रवेश शुल्क लगाने की भनक लगते ही स्थानीय स्तर पर विरोध के स्वर भी उठने लगे हैं। समाजसेवी सुधीर जोशी और अमित कुकरेती ने दोटूक कहा है कि यदि वन विभाग टिकट लगाता है, तो स्थानीय लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय निवासियों से भी शुल्क वसूलने की कोशिश की गई, तो विभाग को कड़े विरोध का सामना करना पड़ेगा।
विज्ञापन

थानो स्थित इको पार्क में अब प्रवेश शुल्क वसूला जाएगा। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उच्चाधिकारियों से आदेश मिलते ही पार्क को पर्यटकों के लिए विधिवत खोल दिया जाएगा। - नत्थीलाल डोभाल, रेंजर, थानो वन रेंज।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें