पिछले दो दिनों से लगातार हाथियों का झुंड जंगल से निकल दून मार्ग पर आ रहा है। खासकर शाम ढलने के बाद। बीते मंगलवार शाम सौ फूूटी जंगल के पास हाथी परिवार सहित दून मार्ग पर आ धमका। इस दौरान ऋषिकेश से कानवाई में वाहनों का काफिला दून जा रहा था, जिसे अचानक ब्रेक लगाने पड़े। वनकर्मियों ने हवाई फायर कर हाथियों को बमुश्किल जंगल की ओर खदेड़ा।
वन विभाग के मुताबिक बीते बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे हाथियों का झुंड 12 फूटी के पास दून मार्ग पर आ गया और चहल कदमी करने लगा। इस दौरान जौलीग्रांट की ओर से आ रहा एक स्कूटर सवार हाथी की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर भगाया।
वनक्षेत्राधिकारी गंगासागर नौटियाल ने बताया कि दून मार्ग पर हाथी के दस्तक देने के बाद यहां से गुजरने वाले लोगों को आगाह किया जा रहा है। शाम ढलने के बाद रेंज कार्यालय के बैरियर से सात मोड़ से आगे मनईच्छा देवी मंदिर तक सावधानी बरतें।
कानवाई का समय साढ़े नौ बजे तक
हाथी बाहुल्य दून मार्ग पर कानवाई का समय शाम सात बजे से रात साढ़े नौ बजे तक है। वनक्षेत्राधिकारी ने बताया कि रात 10 बजे के बाद मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया है। वाहनों को जंगलात बैरियर पर ही रोका जाएगा। बैरियर पर वनकर्मी और पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
हाथी दिखने पर ये बातें रखें ध्यान
हाथी के नजर आने पर करीब सौ मीटर पीछे ही वाहन रोक लें। हाथी को भगाने के लिए प्रेशर हार्न और डिप्पर लाइट का प्रयोग बिल्कुल भी न करें। ऐसा करने पर हाथी के हमला करने की आशंका रहती है। वहीं, वाहन की निर्धारित गति 20-30 प्रति घंटा रखें।