नगर पालिका में निकाय अध्यक्ष और सभासदों के बीच घमासान के बाद कोतवाली पुलिस ने तीन पक्षों की अलग-अलग तहरीर पर पालिकाध्यक्ष, चार सभासदों और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक कर एवं राजस्व निरीक्षक निशात अंसारी ने दी तहरीर में सभासद अनिता बहल, कविता शाह और विकास तेवतिया पर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार तीनों सभासदों पर भादंसं की धारा 332, 353 के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, पालिका कर्मी राजेश डोगरा की तहरीर के आधार पर सभासद कविता शाह और विकास तेवतिया के खिलाफ जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने में 3। 1, 10 एससी, एसटी एक्ट में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि सभासद विकास तेवतिया ने भी पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, सभासद अशोक पासवान, पालिका कर्मी सतपाल, राजेश डोगरा और अन्य 15 लोगों पर बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सभासद की लिखित तहरीर पर संबंधित लोगों पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। छानबीन के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।