लंबित मांगों के समर्थन में हड़ताल पर चल रहे विभागीय इंजीनियर राज्य सरकार द्वारा सुध नहीं लेने पर उग्र हो गए हैं। हड़ताली इंजीनियरों ने चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की है। 19 दिसंबर को सभी विभागों के कार्यालय में तालाबंदी, 28 दिसंबर को सचिवालय घेराव और जेल भरो आंदोलन होगा।
उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के आह्वान पर अधीक्षण अभियंता का ग्रेड पे 8700, अपर सहायक अभियंता के पद को नान फंक्सनल करने सहित 18 सूत्री मांग पर पीडब्लूडी निरीक्षण भवन परिसर में विभागीय इंजीनियर 15वें दिन भी धरने पर डटे रहे।
हड़ताली इंजीनियरों ने राज्य सरकार पर हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। कहा कि किसी भी दबाव में नहीं झुकेंगे। आरपार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। सहायक अभियंता छबीलदास सैनी ने बताया कि महासंघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है।
इसके तहत दून मुख्यालय में 21 दिसंबर से अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू करेंगे। 29 दिसंबर से प्रोन्नत अधिशासी अभियंता और अधीक्षण अभियंता भी प्रदेश व्यापी हड़ताल में शामिल हो जाएंगे। धरने पर इंजीनियर सतीश कुमार, दिनेश दवाण, महक सिंह, राजेश कुमार, तरूण गुप्ता, डीएन तिवारी, गोपाल सैनी, आरएस नेगी, धनंजय वर्मा, आरपी यादव, विवेक सेमवाल, केसी पैन्यूली, सपना त्यागी, शिल्पा आदि मौजूद थे।